Monday, December 27, 2010

अरविन्द पुन:

DSC02947अरविन्द से मैं सन 2009 के प्रारम्भ में मिला था। गंगा किनारे खेती करते पाया था उसे। तब वह हर बात को पूरा कर वह सम्पुट की तरह बोल रहा था - “और क्या करें, बाबूजी, यही काम है”।

कल वह पुन: दिखा। वहीं। रेत में खेती करता। आसपास मुझ जैसे दो तीन तमाशबीन थे। कोंहड़ा की कतारें बड़ी हो गयी थीं। वह कोंहड़ा के आस पास तीन गढ्ढ़े खोद रहा था - करीब दो हाथ गहराई वाले। उनमें वह गोबर की खाद डालकर कुछ यूरिया डालेगा। कोंहड़े की जड़ इतनी नीचे तक जायेगी। वहां तक उनको पोषक तत्व देगी खाद।

खोदते हुये वह कहता भी जा रहा था - "क्या करें, यही काम है।"

बोल रहा था कि पिछली खेती में नफा नहीं हुआ। उसके पहले की में (जिसकी पहले वाली पोस्ट है) ठीक ठाक कमाई हो गई थी। "अबकी देखें क्या होता है?" 

व्यथित होना अरविन्द के पर्सोना का स्थाई भाव है। कह रहा था कि गंगा बहुत पीछे चली गई हैं; सो खोदना फावड़े से नहीं बन पा रहा। वह यह नहीं कह रहा था कि गंगा इतना पीछे चली गई हैं कि खेती को बहुत जगह मिल गई है!

"जिससे खोद रहे हो, वह क्या है?"

"रम्बा कहते हैं।" इस उपकरण को तीन-चार बार रेत में ठोंक कर बाहर रेत निकालता था। "हम लोग फावड़े से ही काम करते हैं। रम्बा से काम करना अटपटा है।"

बढ़िया लगा उपकरण मुझे। उसका वीडियो आप देखें।

अरविन्द का कहना है कि एक कुम्हड़े के पौधे से पच्चीस-तीस फल मिलेंगे। उसके लिये तीन गढ्ढ़े खोदना; फिर खाद/यूरिया डालना और तब सिंचाई/रखवाली! मेहनत की रिटर्न कैसी है? मेरे ख्याल से बहुत कम। उसपर अगर रेट कम रहे तो जय राम जी की! शायद और विकल्प होता तो अरविन्द यह काम नहीं करता। पर मैं गलत भी हो सकता हूं - कई बार होता रहा हूं। Sad smile


30 comments:

  1. अरविंद को इस साल नफा हो, नुकसान न हो.

    ReplyDelete
  2. this type of instrument...named as rambaa is also popular in bihar ....
    about 8 to 80 ft depth can easily be achieved ...//
    happy new year ..
    plz visit my blog too .. sir//

    ReplyDelete
  3. किसान ही एक ऎसा व्यक्ति है जिसमे धैर्य कूट कूट कर भरा है . वह कोई बहीखाता नही रखता . एक एक रुपय करके सौ रुपय लागत मे लगाता है और वही १०० रुपय उसे फ़सल पर इक्ट्ठे मिल जाते है .उसी से वह संतुष्ट रहता है .और उस लागत में उसकी मेहनत शामिल नही होती .
    अगर ईश्वर ने किसान को धैर्य ना दिया होता तो किसान कब का खेती करना छोड देता . कलपना करे अगर खेत खाली रहे तो क्या होगा ?

    ReplyDelete
  4. वस्तुओं का उत्पादन ऐसे ही होता है। हम उन का उपयोग करते समय यह नहीं जानते हैं कि वास्तव में उन में कितना श्रम लगता है? किसान का जीवन ऐसा ही रहा है।

    ReplyDelete
  5. नफा-नुकसान की बात और है लेकिन बहुत स्वास्थ्यवर्धक सब्जी की खेती कर रहे हैं-यह काफी महत्वपूर्ण है.

    ReplyDelete
  6. अरविन्द -नाम एक और संजोग कि चिंतन भी एक समान !

    ReplyDelete
  7. जब व्यथित होना स्थायी भाव बना ही लिया है तो वर्तमान से उचट जाने का भाव तो दिखाना ही होगा।

    ReplyDelete
  8. यह अनछुआ पहलू है ब्लॉग जगत के लिए ....शुभकामनायें भाई जी !

    ReplyDelete
  9. @ अरविन्द मिश्र - ओह, अगर आप अरविन्द घोष की बात कर रहे हैं; तो श्री अरविंदो जैसा आशावाद और परिस्थितियों से निपटने और उनसे पार जाने की सोच तो कोई और शायद ही दे पाये!

    ReplyDelete
  10. शायद इन्हीं सब दुश्वारीयों को देखते हुए खेती को कच्चा सौदा कहा जाता है। पूरी सम्पत्ति खुले आसमान के नीचे रहती है। कब जाड़ा पाला मार जाय, कब बाढ़ आदि से नुकसान हो जाय कुछ कहा नहीं जा सकता।

    अरविन्द के रम्बा से परिचय रोचक लगा।

    ReplyDelete
  11. शायद सभी किसानों में यह बात सार्वभौमिक होती है.. व्यथित रहने की.. 'इस साल पानी ठीक नहीं पड़ा', खाद मंहगा हो गया, पाला पड़ गया तो गडबड हो जायेगा.... मैं किसी किसान से नहीं मिला आज तक जिसने कहा हो कि अभी तो सब कुछ बढ़िया है.. :)
    शायद चिंताएं उनके जीवन का इतना अभिन्न अंग होती हैं कि उनके बिना उन्हें कुछ अधूरा सा लगता है.. इसलिए कोइ न कोइ चिंता पाले रखते हैं.. अरविन्द जी खूब कोंहड़ा उपजाएँ और समृद्ध बनें.....

    ReplyDelete
  12. सत्यार्थी जी की बातों ने तो सोचने पर मजबूर कर दिया है। यह सच है कि कोई किसान अपनी उपज के प्रति उत्साहित ढंग से नहीं बताता याकि कहे कि सब बढ़िया है।

    शायद इसके पीछे वह मानसिकता काम करती है कि जिसमें माना जाता है कि नज़र न लगे कहीं। यहां तक कि बच्चों के चेहरे आदि पर ढिठौना लगाया जाता काजल का ताकि उसे किसी की नजर न लगे।

    और वैसे भी बड़े किसानों की बात छोड़ दें तब भी छोटे किसान तो अक्सर ढेर सारी दिक्कतें झेलते रहते हैं।

    उनके लिये ही तो प्रेमचंद जी ने लिखा था कि भारतीय किसान अभावों में जन्म लेता है, अभावों में जीता है और अभावों में ही मर जाता है।

    ReplyDelete
  13. अरविन्द मुझे मिले तो उससे पूछूं, ‘प्याज क्यों नहीं बोते, कम-से-कम ट्राई तो कर ही सकते हो! हो सकता है प्याज लगाने से गंगा फिर वहीं आ जाए जहां पहले थी!!’

    ReplyDelete
  14. @ सतीश चन्द्र सत्यार्थी और सतीश पंचम - अभाव और हाय-हायता अलग अलग चीजें हैं। आप इस पोस्ट के चरित्र करनराम को देखें। उनका चरित्र यूं है-
    "करनराम जी के पास खाने को कुछ हुआ तो ठीक वरना पटसन के फूलों की तरकारी बना कर भी काम चलाते थे। सदा मस्त रहने वाले जीव। किसी भी मेले में उनकी उपस्थिति अनिवार्य बनती थी। चाहे बलिया का ददरी मेला हो या गड़वार के जंगली बाबा के मन्दिर पर लगने वाला मेला हो। बड़े अच्छे गायक थे और ढ़ोल बजाते थे। अभाव में भी रस लेने का इंतजाम उनकी प्रकृति का अंग बना हुआ था। उन्हे अवसाद तो कभी हुआ न होगा। भले ही भूखे पेट रहे हों दिनो दिन।"

    ReplyDelete
  15. आपका कार्य प्रशंसनीय है, साधुवाद !

    हमारे ब्लॉग पर आजकल दिया जा रहा है
    बिन पेंदी का लोटा सम्मान ....आईयेगा जरूर
    पता है -
    http://mangalaayatan.blogspot.com/2010/12/blog-post_26.html

    ReplyDelete
  16. इन चिंताओं को हाय-हायता तो कभी नहीं कहूँगा.. हाँ, ये हाय-हायता वाला तत्व बड़े किसानों में जरुर होता है.. वो इस डर से अभाव गिनवाते रहते हैं कि कहीं सामने वाला कर्जा-उधार न मांग ले.. छोटे किसानों वाले केस में, जैसा पंचम जी ने कहा, नजर लगने के डर वाली बात ज्यादा नज़र आती है...
    और ये करनराम वाला चरित्र तो हर किसान में थोडा बहुत होता है.. कितना भी रो-कलप ले फिर अंत में एक चिलम गांजा पीके बोलेगा 'सब भले शंकर ठीक करेंगे'.. हमारी तरह गूगल पर 'How to deal with stress' सर्च नहीं करने लगेगा.. :)

    ReplyDelete
  17. ज्ञान जी,

    करनराम के जीवनवृत्त से परिचय कराने के लिये धन्यवाद।

    वैसे सत्यार्थी जी की बात में दम है कि हाय-हायता वाला तत्व बड़े किसानों में जरुर होता है.. वो इस डर से अभाव गिनवाते रहते हैं कि कहीं सामने वाला कर्जा-उधार न मांग ले......

    वैसे दिल्ली में जब किसान रैली हुई थी बड़े दामों के कारण तो सुना है कि वहां बड़े किसान बोलेरो और तमाम महंगी गाड़ियों से मय बीयर-स्काच के आये थे और सब्सिडी की दुहाई दे रहे थे।

    ReplyDelete
  18. इतना श्रम करने के बाद भी संदेह
    नफा या नुक्सान

    प्रणाम

    ReplyDelete
  19. उसपर अगर रेट कम रहे तो जय राम जी की!
    @यही किसान की सबसे बड़ी व्यथा है | फसल के उत्पादन तक मेहनत करें किसान और उसकी फसल की कीमत तय करे बाजार के बिचोलिये |
    इस दुनियां में सिर्फ किसान ही एसा है जिसके उत्पादन की कीमत कोई और तय करता है जबकि कोई भी दूसरा उत्पादक अपने उत्पाद की कीमत खुद तय करता है |

    ReplyDelete
  20. अरविंद की मेहनत देख कर कितने सवाल उपजे मन में क्या उसकी फसल तै.ार होने पर कोई चुरा तो नही लेगा ऱखवाली कैसे करता होगा । रम्बा एक न.ा औजार पता चला । शायद गहरे खोद नेश अरविंद यह ब्लॉग पढ पाता तो उसे अच्छा लगता है कि उसके लि.े इतने सारे चिंतित हैं । ईश्वर से प्रार्तना करऊंगी कि उसे इस साल दुगना मुनाफा हो । प्याज वाले तो लूट ही रहे हैं ।

    ReplyDelete
  21. अरविन्द का खेत, पकल्ले बे नरियर, जोनाथन बकरी, गुल्ले टेम्पो कंडक्टर जैसे कुछ पोस्ट हैं जो हमेशा याद रहे. क्यों? पता नहीं.
    अरविन्द से पुनः मिलना अच्छा लगा.

    ReplyDelete
  22. एक गरीब की जिन्दगी से आप ने हम सब का परिचाय करवाया, काश इस बार सब की खेती बहुत अच्छी हो इस की खेती भी खुब अच्छी हो, आप का धन्यवाद

    ReplyDelete
  23. अरविंद कमाए और खूब कमाए, यही दुआ कर सकता हूं।

    सतीश पंचम जी का पहला कथन सही लगता है।

    खैर, इस सबसे इतर अगर देखूं तो आपके ब्लॉग का एक और नाम रखने का मन होता है वो है " सामुदायिक रिपोर्टर"

    आप न केवल आसपास की जन से जुड़ी खबरें लाते हैं बल्कि तस्वीर और उन तस्वीरों से बनाई हुई स्लाईड शो भी।

    पत्रकारिता के आधार पर बस कमी होती है कि किसी सरकारी अफसर या सो कॉल्ड समाजसेवी के वर्सन की।

    लेकिन मुद्दे आपके एकदम सटीक होते हैं, हमेशा ही।

    जारी रहे आपका यह क्रम/उपक्रम, क्योंकि यह दर्शाता है कि एक अफसर भी कितना जमीनी स्तर पर सोच रखता है।

    ReplyDelete
  24. देश के 40 प्रतिशत किसान खेती छोडने की बात यूँही नहीं करते।

    ReplyDelete
  25. अरविन्द जैसी बातें ..शायद भारत के ज्यादातर किसान करते हैं....मेहनत और बहाए पसीने को ना भी जोड़ें तो लागत के पैसे भी नहीं निकलते.

    यहाँ किसी ने टिप्पणी में कहा "मैं किसी किसान से नहीं मिला आज तक जिसने कहा हो कि अभी तो सब कुछ बढ़िया है.. :) "

    क्या पंजाब के किसान भी ऐसा नहीं कहते??...मुझे ज्यादा पता नहीं....पर लगता है,शायद कहते हों...क्यूंकि एक बार मेरे पिताजी चंडीगढ़ के पास किसी गाँव में टूर पर गए थे और वहाँ की गेहूँ की लहलहाती फसलों...किसानो की सुख समृधि और संतुष्टि का जिक्र किया था...

    उनकी तर्ज पर ही हर जगह ऐसी कोशिश क्यूँ नहीं की जाती?वैसे सच ये भी है कि वहाँ की जमीन उपजाऊ है और सारे आधुनिक संसाधन मुहैया है..खेती के

    ReplyDelete
  26. उधर किसान को उसकी फसल का वाजिब दाम नहीं मिलता इधेर आम जनता मंहगा फल और अन्न खरीदने को मजबूर है.. बीच का धन जाता किसकी जेब मैं है..?

    .
    सामाजिक सरोकार से जुड़ के सार्थक ब्लोगिंग किसे कहते
    नहीं निरपेक्ष हम जात से पात से भात से फिर क्यों निरपेक्ष हम धर्मं से..अरुण चन्द्र रॉय

    ReplyDelete
  27. भला हो कि आपका अरविंद गंगा के किनारे रहता है। शुक्र है कि वह महाराष्ट्र या आंध्र प्रदेश में नहीं है, वर्ना आत्महत्या करने के बारे में सोचता।

    पूरे देश में यही हाल है। खेती और खेती करने वालों को सिलसिलेवार ढंग से अपंग बनाया जा रहा है। उनके उत्पादों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। पेट पालना मुश्किल है।

    विकसित कहे जाने वाले राज्यों में भी किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं, बल्कि बैंकों से कर्ज दिलाया गया। जब उत्पादों का मूल्य ही नहीं तो बेचारा किसान कहां से चुकाए कर्ज? २--३-४ साल तक तो लगा कि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, हरियाणा का किसान सुखी है, अब उससे कर्ज वापस मांगा जा रहा है तो वह आत्महत्या करने को मजबूर है। शुक्र है कि उप्र-बिहार के किसानों को अभी कर्ज नहीं मिला है- आत्महत्या करने भर को।

    इसके बाद सरकार कहने वाली है कि गांव के मूर्ख लोग ढंग से खेती नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उत्पादन घटा है और देश में भुखमरी फैल सकती है। अब देश के टाटा, बिड़ला और रिलायंस जैसे सेठों को कृषि क्षेत्र में व्यापक निवेश करना चाहिए, तभी लोगों को भुखमरी से बचाया जा सकता है।

    ReplyDelete
  28. हम भले अनाज सब्जी आसमान छूते दाम पर खरीदते हों,लेकिन किसान के हिस्से जो आता है,उसकी यदि समीक्षा की जाय तो हिम्मत न पड़ेगी किसानी को जीविका बनाने की..

    ReplyDelete
  29. aadarniy sir
    aapne fir ek bar sahsktlekh prastut kiya hai.aapki yah baat ekdam sahi lagi ki ek kisaan ko uske dwara utpadit chijo kikimat tay karna uske haath me nahi .
    vastav me sahi mayne me jo hame jivan dene ke liye apna khoon paseena bahata hai uske liye is drishti se kabhi nahi socha gaya aur nahi aage bhi aisa hone ka laxhan dikhta hai.
    bhaut hi badhiya aur vicharniy lekh.
    dhanyvaad sahit
    poonam

    ReplyDelete
  30. ...और का करे बाबूजी.. टिप्पणी ही एक काम है :)

    ReplyDelete

आपको टिप्पणी करने के लिये अग्रिम धन्यवाद|

हिन्दी या अंग्रेजी में टिप्पणियों का स्वागत है|
--- सादर, ज्ञानदत्त पाण्डेय